धूमधाम से निकली देवांगन समाज की पाट कलश यात्रा, माता के जयकारों से भक्तिमय हुआ चंद्रपुर देवांगन समाज चंद्रपुर-शशिपुर के लोगों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, मां चंद्रहासिनी सहित विभिन्न देवी मंदिरों में अर्पित किए गए पाट वस्त्र

चंद्रपुर:— धार्मिक नगरी चंद्रपुर में सोमवार, 19 अक्टूबर को क्वांर नवरात्रि की अष्टमी के पावन अवसर पर देवांगन समाज चंद्रपुर-शशिपुर के तत्वावधान में पारंपरिक पाट कलश यात्रा धूमधाम एवं श्रद्धा के साथ निकाली गई। यात्रा में देवांगन समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। माता के जयकारों, भक्ति गीतों और धार्मिक उल्लास के बीच निकली इस यात्रा से नगर का माहौल भक्तिमय हो गया। देवांगन समाज द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार आयोजित इस धार्मिक यात्रा में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सोमवार सुबह से ही यात्रा को लेकर समाज के लोगों में उत्साह देखने को मिला। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शशिपुर स्थित गौराडबरी तालाब से जल भरकर पाट कलश यात्रा प्रारंभ हुई। इसके बाद यात्रा नगर भ्रमण करते हुए विभिन्न देवी मंदिरों की ओर आगे बढ़ी। मार्ग में श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते हुए भक्ति और आस्था में लीन नजर आए।
मां चंद्रहासिनी सहित विभिन्न देवी मंदिरों में अर्पित किए गए पाट वस्त्र
पाट कलश यात्रा के दौरान मां चंद्रहासिनी मंदिर, मां विश्वेश्वरी मंदिर एवं मां दुर्गा मंदिर ,गोपाल जी मंदिर सहित विभिन्न देवी मंदिरों में विधि-विधान एवं श्रद्धाभाव के साथ पाट (वस्त्र) अर्पित करने की परंपरा निभाई गई। श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर धार्मिक झांकियों, भक्ति गीतों और घंट पार्टी ने यात्रा की शोभा बढ़ाई। माता के जसगीतों पर श्रद्धालु भक्तिभाव से झूमते नजर आए। यात्रा में शामिल समाज के लोगों ने परंपरा के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हुए आयोजन को उत्साहपूर्ण बनाया।
वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन कर रहा देवांगन समाज
देवांगन समाज चंद्रपुर-शशिपुर द्वारा पाट कलश यात्रा का आयोजन प्रतिवर्ष पारंपरिक रूप से किया जाता है। इस आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखना है। नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित यह यात्रा समाज के लोगों को एक सूत्र में जोड़ने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का माध्यम भी है। यात्रा के दौरान समाज के लोगों ने आपसी सद्भाव और एकजुटता का परिचय दिया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा। धार्मिक नगरी चंद्रपुर में पाट कलश यात्रा ने नवरात्रि की अष्टमी के उल्लास को और बढ़ा दिया। देवांगन समाज चंद्रपुर-शशिपुर की इस पारंपरिक पाट कलश यात्रा ने नगर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने के साथ ही सामाजिक एकता और आस्था का संदेश दिया।




