जुठही रेलवे अंडरब्रिज अब रोशन, हजारों ग्रामीणों का आवागमन हुआ सुरक्षित कोटमीसोनार पुलिस सहयता केंद्र प्रभारी विनोद जाटवर की सराहनीय पहल

कोटमीसोनार पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी विनोद जाटवर की पहल रंग लाई, रेलवे प्रशासन ने लगाई प्रकाश व्यवस्था
जांजगीर-चांपा। कोटमीसोनार क्षेत्र के जुठही रेलवे अंडरब्रिज में अब रात के समय अंधेरा नहीं रहेगा। पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार के प्रभारी विनोद जाटवर की पहल और रेलवे प्रशासन से लगातार पत्राचार के बाद अंडरब्रिज में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए लाइटें लगाई गई हैं। इस पहल से क्षेत्र के करीब 15 से 20 गांवों के लगभग 15 हजार ग्रामीणों को रात में सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में पुलिस द्वारा आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी विनोद जाटवर ने जुठही रेलवे अंडरब्रिज में प्रकाश व्यवस्था की समस्या को गंभीरता से लेते हुए रेलवे प्रशासन के समक्ष लगातार पत्राचार किया।
करीब 200 मीटर लंबे इस अंडरब्रिज का निर्माण दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा वर्ष 2019-20 में कराया गया था। इस मार्ग से कोटमीसोनार, पिपरसत्ती, बड़े अमेरी, अकलतरी सहित आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चे और अन्य राहगीर प्रतिदिन आवागमन करते हैं।
अंधेरे के कारण बनी रहती थी दुर्घटना की आशंका
लाइट की व्यवस्था नहीं होने के कारण रात में अंडरब्रिज के भीतर काफी अंधेरा रहता था। इससे दुर्घटना के साथ ही असामाजिक गतिविधियों की आशंका भी बनी रहती थी। अंडरब्रिज के आसपास शासकीय शराब दुकान, गैस गोदाम, मगरमच्छ पार्क और शासकीय स्कूल जैसे महत्वपूर्ण स्थान भी स्थित हैं। ऐसे में प्रकाश व्यवस्था की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
पुलिस सहायता केंद्र की पहल के बाद रेलवे प्रशासन द्वारा अंडरब्रिज में लाइट लगाए जाने से अब रात में राहगीरों को राहत मिलेगी। इससे विशेष रूप से ग्रामीणों, महिलाओं और स्कूली बच्चों का आवागमन पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित होने की उम्मीद है।
पुलिस टीम का रहा महत्वपूर्ण योगदान
इस पहल को सफल बनाने में पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी विनोद जाटवर के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक तारिकेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक सुधीर कुमार साहू, आरक्षक शुभम एक्का, हमेन्द्र पाटले, जयनाथ दुग्गा, दीपक कौशिक, धन्नु लहरे, हेमेत साहू, रामकुमार नेताम एवं महिला आरक्षक रूखमणी कंवर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
स्थानीय ग्रामीणों ने अंडरब्रिज में प्रकाश व्यवस्था शुरू होने पर पुलिस की पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की सुरक्षा और सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।







