जांजगीर-चांपा: पामगढ़ के चर्चित डबल मर्डर केस की गुत्थी सुलझी, शराब में सुहागा मिलाकर दो लोगों की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार

पामगढ़ (जांजगीर-चांपा)।
जिला पुलिस जांजगीर-चांपा ने पामगढ़ क्षेत्र में हुए बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड का 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। 10 लाख रुपये के लेन-देन के विवाद में एक युवक ने अपने ही रिश्तेदार सहित दो लोगों को शराब में जहरीला पदार्थ (सुहागा) मिलाकर पिला दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी राजा उर्फ कमलनाथ खरे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पैसे वापस मांगने पर रची थी हत्या की साजिश
पुलिस के अनुसार, पामगांव निवासी आरोपी राजा उर्फ कमलनाथ खरे ने करीब चार माह पूर्व अपने घरेलू खर्च के नाम पर मृतक जोहित लाल खरे से किश्तों में कुल 10 लाख रुपये उधार लिए थे। आरोपी को ट्रेडिंग (शेयर मार्केट/सट्टेबाजी) में भारी नुकसान हो गया था। इधर, जोहित खरे लगातार अपने पैसे वापस मांग रहे थे। आरोपी द्वारा दिए गए चेक भी बैंक में बाउंस हो चुके थे। लगातार तकादे और मानसिक परेशानी से बचने के लिए आरोपी ने जोहित खरे को जहर देकर रास्ते से हटाने की साजिश रची।
धोखे से शराब में मिलाया सुहागा
घटना 23 अक्टूबर 2026 की शाम की है। आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से मुकेश कश्यप के माध्यम से इंपीरियल ब्लू शराब के तीन क्वार्टर मंगाए। इसके बाद उसने ग्राम कुटराबोड हेलीपैड के पास चखना दुकान के नजदीक जोहित खरे और उनके साथी पार्षद रामखिलावन जांगड़े को फोन कर बुलवाया। दोनों के वहां पहुंचते ही आरोपी ने अपनी जेब से पुड़िया में रखा सुहागा शराब में मिला दिया और जबरन दोनों को पिला दिया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
जहरीली शराब पीने के कुछ ही देर बाद दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें तत्काल पामगढ़ के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां जोहित खरे ने अपनी बेटी मनीषा खरे को पूरी आपबीती बताई कि राजा खरे ने उन्हें धोखे से शराब में कुछ मिलाकर पिलाया है। गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को बिलासपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान 24 अक्टूबर को सिम्स और अपोलो अस्पताल में दोनों की मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी जहरखुरानी की पुष्टि हुई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मृतक की बेटी मनीषा खरे की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्य, सीडीआर, सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी राजा उर्फ कमलनाथ खरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से खाली शराब की बोतल और सुहागा की पुड़िया बरामद कर ली गई है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button