शिवरीनारायण पुलिस की सुस्ती से हौसले बुलंद: सर्बियाडेरा देवरी में बन रहा महुआ शराब और खरौद में खुलेआम सज रही जुए की फड़, एसी कमरों में कैद थाना प्रभारी

शिवरीनारायण:
शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। क्षेत्र के सर्बिया डेरा (देवरी) और खरौद में इन दिनों दिन-दहाड़े खुलेआम जुए की बड़ी-बड़ी फड़ें सज रही हैं, जहां लाखों के दांव लगाए जा रहे हैं। हैरत की बात यह है कि समूचे इलाके में जुआरियों और असामाजिक तत्वों का खुला तांडव चल रहा है, लेकिन खाकी मूकदर्शक बनी बैठी है। स्थानीय पुलिसिंग पर अब सीधे तौर पर गंभीर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं।
एसी रूम की ठंडी हवा में मस्त थाना प्रभारी, सिपाहियों के भरोसे थाना
स्थानीय ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि थाना प्रभारी केवल एसी कमरों की ठंडी हवा खाने तक सीमित रह गए हैं। वे अपने केबिन से बाहर निकलने की ज़हमत तक नहीं उठाते, ऐसे में धरातल पर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की उम्मीद करना बेमानी साबित हो रहा है। पूरा शिवरीनारायण थाना केवल चंद सिपाहियों के भरोसे संचालित हो रहा है। उच्चाधिकारियों की निष्क्रियता और सुस्त कार्यशैली के चलते जुआ माफिया बेखौफ होकर अपना नेटवर्क फैला रहे हैं।
गांवों का माहौल खराब, कानून का खौफ खत्म
सर्बिया डेरा देवरी और खरौद में चल रहे इस अवैध कारोबार के चलते आसपास के गांवों का सामाजिक माहौल पूरी तरह दूषित हो चुका है। जुए के अड्डों पर रोजाना संदिग्धों और बाहरी तत्वों का जमावड़ा लग रहा है, जिससे कभी भी कोई बड़ी हिंसक वारदात या अनहोनी घट सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि जब रक्षक ही आंखें मूंद लें, तो अपराधियों में कानून का डर कैसे रहेगा?
खुलेआम चल रहे इस गोरखधंधे ने पुलिस-प्रशासन की साख पर बट्टा लगा दिया है। अब देखना यह होगा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारी इस सुस्त व्यवस्था पर क्या कड़ा एक्शन लेते हैं या फिर जिम्मेदार इसी तरह अपनी जिम्मेदारी से मुंह फेरे रहेंगे।




